
टिहरी गढ़वाल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कीर्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को 6.54 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस यूनिवर्सिटी तिराहा चौरास पुल के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 6.54 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू कार्की (28 वर्ष) पुत्र स्व. प्रेम कार्की, हाल निवासी बड़ियारगढ़ थाना कीर्तिनगर, मूल निवासी संगलाकोटी थाना सतपुली जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पॉलीटेक्निक तक पढ़ा हुआ है और करीब एक माह पहले ही जेल से छूटा था। इसके बावजूद वह फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कॉलेज क्षेत्र में युवाओं को स्मैक सप्लाई करने जा रहा था। साथ ही उसका नेटवर्क पौड़ी, टिहरी और चमोली जिलों तक फैला होने की बात भी सामने आई है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली कीर्तिनगर में NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय मिश्रा, उपनिरीक्षक आशीष सिंह रावत, एएसआई दीपेन्द्र रावत, कांस्टेबल हरीश चन्द्र और सीआईयू से कांस्टेबल आशीष नेगी शामिल रहे।
जनपद पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



