गदरपुर गौकशी केस: पुलिस मुठभेड़ में फरार आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में करीब एक माह पहले सामने आए गौकशी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि गौकशी मामले में फरार आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। एसओजी टीम को सूचना मिली कि आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
17 किलो प्रतिबंधित मांस और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित मांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को पहले बाजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
एक माह पहले हुई थी गौकशी की घटना
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि करीब एक माह पहले गदरपुर क्षेत्र में गौकशी का मामला सामने आया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। इनमें से एक आरोपी मोईन को अब मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड की होगी जांच
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोईन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का निवासी है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही गौकशी प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



