सीएम धामी के 5 साल पूरे, ऋषिकेश से ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत; ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन लागू

ऋषिकेश: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पद पर अपने पांच वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर राज्य सरकार ने ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान की शुरुआत शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल मैदान से की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया, जबकि राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून पुलिस ने ऋषिकेश के लिए विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान लागू किया है।
कार्यक्रम के लिए जारी किया गया विशेष ट्रैफिक प्लान
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कार्यक्रम में शामिल नहीं होने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं।
वाहनों के लिए निर्धारित रूट
देहरादून से आने वाली बसें: रिस्पना, भानियावाला फ्लाईओवर, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी और कैनाल गेट होते हुए आईडीपीएल पोस्ट ऑफिस पार्किंग तक जाएंगी।
टिहरी और पौड़ी से आने वाली बसें: भद्रकाली तिराहा, नटराज चौक और मनसा देवी फाटक होते हुए पोस्ट ऑफिस पार्किंग पहुंचेंगी।
पौड़ी से आने वाले छोटे वाहन: गरुड़ चट्टी पुल, लक्ष्मण झूला रोड, बैराज तिराहा और वीरभद्र तिराहा होकर हॉकी ग्राउंड पार्किंग तक जाएंगे।
हरिद्वार, कोटद्वार और कुमाऊं से आने वाले वाहन: नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी और कैनाल गेट के रास्ते आईडीपीएल पहुंचेंगे।
देहरादून से आने वाले छोटे वाहन: रिस्पना, जोगीवाला, भानियावाला, जौलीग्रांट, रानीपोखरी, नटराज चौक और सिटी गेट होते हुए हॉकी ग्राउंड पार्किंग तक पहुंचेंगे।
ये रहेंगे पार्किंग स्थल
केवी स्कूल के पास, आईडीपीएल
पोस्ट ऑफिस के पास प्रथम ग्राउंड
पोस्ट ऑफिस के सामने प्रथम ग्राउंड
हॉकी ग्राउंड, आईडीपीएल
चारधाम और हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट तय
चारधाम यात्रा और पर्वतीय जिलों की ओर जाने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, भानियावाला, रानीपोखरी और नटराज चौक के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं पहाड़ी जिलों से हरिद्वार जाने वाले वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे।
सुबह 6 से शाम 4 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
देहरादून पुलिस ने 4 जुलाई को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक ऋषिकेश क्षेत्र के आंतरिक और बाहरी मार्गों पर सभी भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है। हालांकि एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को छूट रहेगी। दूध, गैस और पेट्रोल जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से वाहन हटाया जाएगा और 1,500 रुपये का चालान किया जाएगा।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें, लिंक मार्गों का उपयोग करें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।



