हल्द्वानी हवन विवाद की गूंज मंगलौर पहुंची, कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ भरी हुंकार

रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आगमन के बाद कथित शुद्धिकरण हवन को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब मंगलौर तक पहुंच गया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर हमलावर है। रविवार को मंगलौर में कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन के नेतृत्व में दलित समाज के लोगों के साथ जनसभा आयोजित की गई, जिसमें भाजपा पर जमकर निशाना साधा गया।
जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान कई लोगों के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का दावा भी किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुटने और भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लिया।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2026 में भी छुआछूत जैसे मामले सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज ऐसी घटनाओं को स्वीकार नहीं करेगा।
वहीं, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने एसआईआर को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर दलित और मुस्लिम समाज के लोगों को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की।
जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच जाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने का संकल्प भी लिया।


