किच्छा में अवैध तरीके से संचालित क्लीनिकों पर शिकंजा, पांच के खिलाफ कार्रवाई शुरू

किच्छा: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किच्छा क्षेत्र में क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। नैदानिक स्थापन अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई का नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता की टीम ने किया। निरीक्षण के दौरान पांच क्लीनिक बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए गए।
जांच के दौरान गुप्ता डेंटल केयर, गुरुकृपा क्लीनिक, अर्चना क्लीनिक, राहुल क्लीनिक और मित्रा क्लीनिक में पंजीकरण से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सा सेवाएं संचालित करना नियमों के विरुद्ध है।
नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि सभी पांचों संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान क्लीनिकों के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
सीएमओ डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने कहा कि जिले में बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित क्लीनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



