चुनाव से पहले हरिद्वार में हथियार तस्करी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। वहीं, पुलिस ने 16 नवंबर को एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। इस तरह मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह उत्तर प्रदेश के मेरठ और आसपास के सीमावर्ती इलाकों से अवैध हथियार खरीदकर हरिद्वार में सप्लाई कर रहा था। आरोपी धीरे-धीरे जिले में अपना नेटवर्क मजबूत कर रहे थे। 15 नवंबर को बहादराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस बौंगला तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति पैदल और दो लोग मोटरसाइकिल से पहुंचे। पुलिस ने बाइक सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया। पीछा करने पर मुकुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद दोबारा गोली चलाने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें मुकुल के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तलाशी के दौरान मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और भूपेंद्र के पास से एक देसी तमंचा बरामद हुआ। वहीं, आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद 16 नवंबर को बढ़ेडी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल पांच अवैध पिस्टल, एक देसी तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरोह में मुकुल पाल मेरठ क्षेत्र से हथियार लाकर हरिद्वार पहुंचाता था, जबकि विशाल कुमार जिले में हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क आगे बढ़ा रहा था। पुलिस के मुताबिक, मुकुल के खिलाफ पहले भी लूट और दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल निवासी मेरठ, भूपेंद्र निवासी मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार निवासी रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हथियार कहां से खरीदे और किन लोगों को सप्लाई किए। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।



