स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के बीच बुजुर्ग महिला से चेन लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बीच वसंत विहार फेज-2 में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात सामने आई है। एक्टिवा सवार बदमाश ने बातचीत के बहाने महिला को रोका और मौका मिलते ही उसके गले से चेन झपट ली। छीना-झपटी के दौरान महिला सड़क पर गिर गई। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला शाम के समय लाठी के सहारे टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। महिला को देखने के बाद वह कुछ दूर गया और फिर वापस लौट आया। आरोपी ने महिला के पास एक्टिवा रोककर उनसे बातचीत शुरू कर दी।
महिला जब आरोपी से बात कर रही थीं, तभी उसने अचानक उनके गले से चेन झपट ली। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने जोर-जबरदस्ती की, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एक्टिवा से मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बुजुर्ग महिला के बेटे ने थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर देहरादून में पुलिस पहले से ही प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग कर रही है। ऐसे में पॉश इलाके में बुजुर्ग महिला से हुई चेन लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। टीमें घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा और आरोपी के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश में जुटी है।



