
कोटद्वार। कोटद्वार में कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार काम करने के बजाय जुमलेबाजी में विश्वास रखती है।
कुमारी शैलजा ने कहा कि हरियाणा और उत्तराखंड की सरकारों में इन दिनों अपराध, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर “कंपटीशन” चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता इन समस्याओं से परेशान है और सरकार ठोस समाधान देने में विफल रही है।
कांग्रेस सरकार लाने का आह्वान
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि अब केवल संघर्ष का समय नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लाने का समय है। कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की गई।
विचारधारा की लड़ाई: गणेश गोदियाल
सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच विचार और विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि दो कार्यकाल में भाजपा की नीतियों को जनता समझ चुकी है और इस बार जनता करारा जवाब देगी।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया।



