उत्तराखंड

लक्सर कोतवाली में मची अफरा-तफरी, गेट पर व्यक्ति ने खुद को लगाई आग

Listen to this article

लक्सर। हरिद्वार जिले की लक्सर कोतवाली में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने थाने के प्रवेश द्वार पर खुद को आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए हवालात में रखे कंबल डालकर आग बुझाई और व्यक्ति की जान बचाई। घटना में वह आंशिक रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से लक्सर कोतवाली पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने शरीर पर पहले से ही तेल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डाल रखा था। थाने के प्रवेश द्वार के बाईं ओर बाइक खड़ी करने के बाद उसने माचिस से खुद को आग लगा ली।

आग लगते ही थाना कार्यालय में मौजूद दिवसाधिकारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हवालाती कंबल डालकर आग बुझाई। हालांकि, तब तक व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस चुका था। मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने उससे नाम-पता पूछा, जिस पर उसने अपना नाम नारायण उर्फ नीटू पुत्र तेजपाल, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द बताया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में नारायण ने आत्मदाह की कोशिश के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई ने उसकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया है। इस मामले को लेकर सोमवार को गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। पुलिस ने जब पूछा कि क्या उसने इस संबंध में थाने में कोई शिकायत दी है, तो उसने इससे इनकार किया।

इसके बाद उपनिरीक्षक शहजाद अली और उपनिरीक्षक यशबीर सिंह नेगी ने उसे निजी वाहन से उपचार के लिए सीएचसी लक्सर पहुंचाया। मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।

अस्पताल में तहसीलदार के समक्ष दिए बयान में नारायण ने आत्मदाह की कोशिश का एक अलग कारण बताया। पुलिस के अनुसार, अपने बयान में उसने आरोप लगाया कि उसके साले ईश्वर सिंह ने उससे 30 लाख रुपये नकद लिए थे। पैसे वापस मांगने या उसके बदले जमीन देने की बात कहने पर साले ने कथित तौर पर उसे कहीं जाकर मरने के लिए कहा। नारायण ने अपने साले और एक अन्य व्यक्ति से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही।

पुलिस अब थाने में दिए गए शुरुआती बयान और अस्पताल में दिए गए बयान दोनों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। उपनिरीक्षक शहजाद अली ने बताया कि थाने के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली थी। पुलिसकर्मियों की तत्परता से उसकी जान बच गई। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!