मसूरी में रेस्टोरेंट के अंदर लाठी-डंडों से हमला, शिकायत के बाद पुलिस ने तेज की जांच

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी पेट्रोल पंप स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ युवक रेस्टोरेंट के अंदर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार मानते हुए आरोपियों की पहचान में जुटी है।
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां बैठे उसके तथा उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में प्रवेश करते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



