ऑनलाइन गेम में रुपये हारने के बाद युवक ने की आत्मघाती कदम, अस्पताल में मौत

सुल्तानपुर : सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव में ऑनलाइन गेम की लत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 20 वर्षीय युवक ने गेम में हजारों रुपये हारने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शोएब (20) पुत्र जुल्फिकार सुल्तानपुर कस्बे में चप्पल-जूते की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि उसने दुकान के लिए सामान खरीदने के नाम पर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे। लेकिन यह रकम वह ऑनलाइन गेम में हार गया। रुपये गंवाने के बाद वह मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगा था।
मंगलवार को तनाव में आकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां बुधवार को उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



