विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ऋषिकेश में जेई 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

ऋषिकेश। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जेई पर टेंडर की भुगतान राशि जारी करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में सरकारी टेंडर के तहत कार्य किया था। कार्य पूर्ण होने के बाद भुगतान जारी करने के एवज में संबंधित जेई फैसल खान रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता विभाग ने ट्रैप टीम का गठन किया। योजना के तहत टीम ने आरोपी फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोरताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर का रहने वाला बताया गया है। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



