डाटकाली सुरंग के पास ट्रैफिक प्लान में बदलाव, एनएचएआई ने जारी की एडवाइजरी, आठ जून तक रहेगा डायवर्जन

देहरादून। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मानसून से पहले सुरक्षा कार्यों को ध्यान में रखते हुए डाटकाली क्षेत्र में अस्थायी ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। नई यातायात व्यवस्था शुक्रवार से लागू होकर आठ जून तक प्रभावी रहेगी।
एनएचएआई के अनुसार डाटकाली क्षेत्र में पहाड़ी ढलानों को सुरक्षित बनाने और भूस्खलन की आशंका कम करने के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। इसी कारण एक्सप्रेस-वे के करीब सवा किलोमीटर हिस्से में यातायात संचालन में बदलाव किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत सहारनपुर और दिल्ली की ओर से देहरादून आने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे की बाईं लेन से दाईं लेन में डायवर्ट किया जाएगा। करीब सवा किलोमीटर तक वाहन इसी लेन से गुजरेंगे और डाटकाली सुरंग के पास दोबारा सामान्य लेन में पहुंचाए जाएंगे।
वहीं देहरादून से सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को डाटकाली सुरंग पार करने के बाद पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर भेजा जाएगा। वाहन लगभग 1.3 किलोमीटर पुराने मार्ग से गुजरने के बाद दोबारा एक्सप्रेस-वे पर शामिल हो सकेंगे।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर चौबीस घंटे कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा दिशा संकेतक और सुरक्षा बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्राधिकरण ने यात्रियों से अपील की है कि इस अवधि में यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। खासकर बारिश और रात्रि के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



