घर में घुसकर दंपती से मारपीट, हाथ बांधकर भागे बदमाश; प्रिंसिपल को मारने की कही बात

विकासनगर: बरोटीवाला में जमनीपुर रोड स्थित एक घर में तड़के बदमाशों ने धावा बोलकर परिवार के तीन सदस्यों को बंधक बना लिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और अलमारी में रखी नकदी के साथ करीब 90 हजार रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बरोटीवाला में ग्रेट वैल्यू स्कूल के परिसर में बने घर में गोपाल सिंह राठौर अपनी पत्नी नीलम राठौर और बेटे के साथ रहते हैं। नीलम राठौर के अनुसार, तड़के करीब 3:15 बजे दो बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर घर के कमरे में घुसे। आहट होने पर उन्होंने बदमाशों से पूछा कि वे कौन हैं। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने नीलम और उनके पति गोपाल सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
नीलम के मुताबिक, बदमाशों ने उनसे स्कूल के प्रिंसिपल के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल विकासनगर में रहते हैं और वह स्कूल की देखभाल के लिए यहां रहती हैं। आरोप है कि इस पर बदमाशों ने कहा कि उन्हें प्रिंसिपल को मारने की सुपारी मिली है। उन्होंने धमकी दी कि यदि उन्होंने शोर मचाया तो उन्हें भी मार दिया जाएगा।
अलमारी से नकदी और जेवर ले गए
नीलम राठौर का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारियां खोलीं और उनमें रखी नकदी तथा करीब 90 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने परिवार के तीनों सदस्यों के हाथ बांध दिए और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया।
इसके बाद नीलम ने किसी तरह कमरे की खिड़की खोली और पड़ोसियों को आवाज लगाई। सुबह करीब चार बजे पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गेट खोलकर परिवार को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 4:20 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
तीन बदमाशों के आने की बात
नीलम राठौर ने पुलिस को बताया कि कुल तीन बदमाश आए थे। इनमें से दो कमरे के अंदर घुसे, जबकि एक बाहर खड़ा था। उनके अनुसार, एक बदमाश के हाथ में मोटा डंडा था और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी, जिससे उनके पति के साथ मारपीट की गई।
सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था, जिसने साक्ष्य संकलित किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



