उत्तराखंड

हरिद्वार में मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे कुछ दिनों के लिए बंद, श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा

Listen to this article

हरिद्वार: कांवड़ मेले से पहले प्रसिद्ध मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के रोपवे का अर्धवार्षिक मेंटेनेंस किया जाएगा। रोपवे संचालन करने वाली कंपनी ऊषा ब्रेको ने जानकारी दी है कि मनसा देवी मंदिर का रोपवे 8 से 11 जुलाई तथा चंडी देवी मंदिर का रोपवे 13 से 16 जुलाई तक बंद रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग का ही उपयोग करना होगा।

 

कंपनी के अनुसार, मेंटेनेंस के दौरान रोपवे और पुलों की सुरक्षा जांच की जाएगी। निरीक्षण कार्य सरकारी संस्था ब्रिडकुल द्वारा नामित अधिकारियों की मौजूदगी में किया जाएगा, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु सेवा मिल सके।

 

रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं दर्शन के लिए

 

हरिद्वार स्थित मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर ऊंची पहाड़ियों पर स्थित प्रमुख शक्तिपीठ हैं। दोनों मंदिरों में प्रतिदिन करीब 40 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मनसा देवी मंदिर करीब 1.5 किलोमीटर और चंडी देवी मंदिर लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

 

दोनों मंदिरों तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग और रोपवे की सुविधा उपलब्ध है। औसतन मनसा देवी रोपवे से 10 हजार और चंडी देवी रोपवे से करीब 3 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन यात्रा करते हैं।

 

नए रोपवे की योजना पर भी होगा काम

 

मेंटेनेंस के दौरान पुराने रोपवे के स्थान पर नया रोपवे स्थापित करने की योजना को लेकर भी सर्वे किया जाएगा। ब्रिडकुल के अधिकारी तकनीकी जांच और सर्वे करेंगे। यदि सभी रिपोर्ट अनुकूल रही तो भविष्य में नए रोपवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, इसकी समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है।

 

क्या बोले महाप्रबंधक

 

ऊषा ब्रेको के महाप्रबंधक मनोज डोभाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित अर्धवार्षिक मेंटेनेंस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनसा देवी रोपवे 8 से 11 जुलाई और चंडी देवी रोपवे 13 से 16 जुलाई तक बंद रहेगा। इस दौरान सभी आवश्यक तकनीकी जांच और मरम्मत कार्य पूरे किए जाएंगे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!