मकान ढहने की खबर मिलते ही एक्टिव हुए विधायक विनोद चमोली, मौके पर पहुंची टीम ने दी आर्थिक सहायता व राशन
विधायक विनोद चमोली अपने निजी कार्य के चलते देहरादून से बाहर है , जिसके कारण वह स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सके। उन्होंने तत्काल पार्टी पदाधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

देहरादून
धर्मपुर विधानसभा के चांचक स्थित बिस्मिल्लाह चौक में भारी बारिश के चलते एक मकान ढह गया। मकान के ढहने से पीड़ित परिवार के सामने मुश्किल हालात पैदा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पार्टी पदाधिकारियों को पीड़ित परिवार की सहायता के निर्देश दिए।

विधायक के निर्देश पर पार्टी पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और राशन सामग्री भी दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान परिवार की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें भरोसा दिलाया गया कि संकट की इस घड़ी में वह अकेले नहीं हैं।

वहीं, विधायक विनोद चमोली ने स्वयं पीड़ित महिला से दूरभाष पर बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन के स्तर पर जो भी आवश्यक सहायता संभव होगी, उसे उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

भारी बारिश के बीच जनप्रतिनिधि की इस त्वरित पहल से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। विधायक विनोद चमोली ने स्पष्ट किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की मदद और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान विजय भट्ट , भुवनेश कुकरेती, आसिफ शेख , साबिर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।



