उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी, 5 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, नदी-नालों से सतर्क रहने की अपील

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण कई संपर्क मार्ग मलबा और बोल्डर गिरने से बार-बार बाधित हो रहे हैं, जबकि नदियां और नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश होने का भी अनुमान है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को भूस्खलन के कारण बंद होने वाले मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के लिए कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा उफनती नदियों, नालों और गदेरों के पास नहीं जाने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।



