उत्तराखंड

चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा मोड़, फरार प्रमोद नौटियाल पुलिस गिरफ्त में, खुद को बताया बेगुनाह

Listen to this article

चमोली: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी के मामले में उत्तराखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रमोद नौटियाल बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष के वैयक्तिक सहायक (पीए) के पद पर तैनात थे और मामला सामने आने के बाद से फरार चल रहे थे।

 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से बदरीनाथ थाने में पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसके लैपटॉप और अन्य सामान को भी जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में प्रमोद नौटियाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को बेगुनाह बताया।

 

पुलिस के अनुसार, मंदिर समिति की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद जांच टीम ने चढ़ावा गणना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर चढ़ावे की राशि में हेराफेरी की पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड मिली है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

मामले की शुरुआत 2 जुलाई को हुई थी, जब भैरव सेना ने आरोप लगाया कि बीकेटीसी अध्यक्ष के पीए प्रमोद नौटियाल चढ़ावे की राशि की गणना के दौरान चोरी कर रहे थे और इसकी पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) ने चार सदस्यीय विभागीय जांच समिति गठित की।

 

जांच समिति ने 7 जुलाई को बदरीनाथ पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उसी दिन प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद देर रात मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पासवान ने बदरीनाथ थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

 

एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी 8 जुलाई से लापता हो गया और उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया। इसी दौरान उसने हाईकोर्ट में एफआईआर और गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए याचिका भी दायर की थी।

 

11 जुलाई को विभागीय जांच समिति ने अपनी 18 पन्नों की रिपोर्ट सीईओ को सौंपी। रिपोर्ट में कथित तौर पर 2 जुलाई को आरोपी को एक से अधिक बार चढ़ावे की राशि में हेराफेरी करते हुए और 29 जून को भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का उल्लेख किया गया है। वहीं, राज्य सरकार द्वारा गठित आयुक्त स्तर की जांच समिति भी पूरे मामले की अलग से जांच कर रही है।

 

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!