तीन दिन तक बरसेगा मानसून, उत्तराखंड के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 18 से 20 जुलाई तक देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 21 जुलाई को बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कों पर मलबा आने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही चारधाम यात्रा या अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करें। साथ ही नदियों, सहायक नदियों, गदेरों, बरसाती नालों और निचले इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून में स्कूलों की छुट्टी
देहरादून में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश से मौसम हुआ सुहावना
शुक्रवार शाम हुई करीब आधे घंटे की तेज बारिश ने देहरादूनवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। पिछले कई दिनों से तेज धूप और अधिक नमी के कारण लोग गर्मी से परेशान थे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। शाम के समय बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते दिखाई दिए।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और मलबा आने की घटनाएं भी सामने आईं। डीएल रोड पुलिस चौकी के पास नाला चोक होने से लोगों को परेशानी हुई, जबकि आईटीबीपी सन पार्क होटल के समीप सड़क पर जलभराव हो गया। वहीं गुजराड़ा मानसिंह क्षेत्र में सड़क पर मलबा आने के बाद जेसीबी भेजकर मार्ग को साफ कराया गया।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने क्विक रिस्पॉन्स टीमों को जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं मेयर सौरभ थपलियाल ने आपदा कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।



