हरिद्वार में कांवड़ तैयारियों की खुली पोल, डीएम ने लगाया ₹1 लाख का जुर्माना

हरिद्वार: 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों का शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्थलीय निरीक्षण किया। हरकी पैड़ी के समीप पंतदीप पार्किंग में अवैध दुकानें, गंदगी और अतिक्रमण मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही संबंधित विभागों और ठेकेदारों को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बैरागी कैंप, दीनदयाल, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग समेत विभिन्न मेला क्षेत्रों का जायजा लिया। पंतदीप पार्किंग में बड़ी संख्या में अवैध दुकानें संचालित होती मिलीं। हरकी पैड़ी जाने वाले मार्ग पर फेरीवालों का कब्जा, पार्किंग में फैली गंदगी और लावारिस पशुओं की मौजूदगी पर डीएम ने अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाई।
डीएम और एसएसपी के पहुंचते ही पार्किंग क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल अवैध दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्लास्टिक और पॉलीथिन से बनी अस्थायी दुकानों को हटाया गया। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि एक दिन के भीतर अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वयं मौके की तस्वीरें भी मोबाइल से लीं ताकि बाद में सुधार की समीक्षा की जा सके।
बैरागी कैंप में निर्माणाधीन अस्थायी पार्किंग का निरीक्षण करते हुए डीएम ने ठेकेदारों को टेंडर की शर्तों के अनुरूप बिजली, पानी, सड़क और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों और समयसीमा का पालन नहीं होने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले की सभी पार्किंग और व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पंतदीप पार्किंग में अतिक्रमण और गंदगी मिलने पर जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम, पुलिस, सिंचाई विभाग और पार्किंग संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अतिक्रमण रोकने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन भी किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।



