मसूरी-देहरादून मार्ग पर अचानक दरकी पहाड़ी, सड़क पर गिरे भारी बोल्डर और मलबा

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड और मैगी प्वाइंट के बीच बुधवार शाम अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरने से मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मलबे और बोल्डर की चपेट में कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। जिस वक्त भूस्खलन हुआ, उस दौरान सड़क से वाहन गुजर रहे थे। बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर गिरते देख वाहन चालकों ने किसी तरह अपने वाहनों को रोका और पीछे हट गए। एक कार और दो स्कूटी सवार हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
भूस्खलन के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर और मलबा गिरता रहा। स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल वाहनों की आवाजाही रोक दी।
सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे व बोल्डरों को हटाने का काम शुरू किया गया। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अचानक पहाड़ी दरकने के कारण सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने के साथ ही पहाड़ी की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। जब पत्थरों और मलबे के गिरने का खतरा कम हो जाएगा और मार्ग को सुरक्षित घोषित किया जाएगा, तभी यातायात को सुचारू किया जाएगा।
फिलहाल मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। मार्ग बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



