नारायणबगड़ बाजार में आवारा कुत्तों की दहशत, एक दिन में चार लोग घायल

चमोली। नारायणबगड़ के स्थानीय बाजार में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों और स्कूली बच्चों में दहशत का माहौल है। बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने दो स्कूली बच्चों समेत चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्कूल जा रहे दीपांशु बिष्ट और कुमारी मानवी पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इसके अलावा नेपाली मजदूर प्रकाश और पंती गांव की लक्ष्मी को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमलों से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी एक आवारा कुत्ते ने चार लोगों को काटकर घायल किया था। जिस कुत्ते ने मंगलवार को हमला किया था, वह बुधवार को बाजार में मृत अवस्था में मिला। इसके बावजूद बुधवार को दूसरे आवारा कुत्ते के हमले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। इनके हमलों से खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों में भय बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।



