ऑरेंज अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा स्थगित, यात्रियों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील

चारधाम यात्रा: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं। साथ ही मौसम विभाग की ओर से भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज और कल के लिए यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। प्रशासन को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों और यात्रियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 2 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



