
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस अब संगठन को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी Kumari Selja 17 और 18 जून को दो दिवसीय देहरादून दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर मंथन करेंगी।
उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी Rajiv Maharshi के अनुसार, कुमारी शैलजा 17 जून को सुबह दिल्ली से देहरादून के लिए रवाना होंगी और करीब 9:50 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह देहरादून में आयोजित विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ बैठक होगी, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
वहीं शाम करीब 4 बजे कुमारी शैलजा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगी। इस दौरान उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस प्रभारी देहरादून में रात्रि विश्राम करेंगी और 18 जून को भी वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर बैठक कर सकती हैं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह दोपहर करीब 3 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi भी उत्तराखंड दौरे पर आए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वह अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके थे। बाद में उनके विमान की पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी, जिसके बाद उन्होंने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया था।
कांग्रेस नेतृत्व के लगातार उत्तराखंड दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है।



