उत्तराखंड

गूलर बस हादसे में चालक की लापरवाही आई सामने, यात्रियों ने कई बार धीमी रफ्तार से चलाने को कहा था

Listen to this article

ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में चालक की लापरवाही सामने आई है। हादसे में घायल एक यात्री पंकज ने बताया कि बस की रफ्तार शुरुआत से ही काफी तेज थी। पहाड़ी रास्तों के खतरनाक मोड़ों पर भी चालक ने गति कम नहीं की। यात्रियों ने कई बार चालक को बस धीमी चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी चेतावनी को अनसुना कर दिया।

अस्पताल में उपचार करा रहे घायल पंकज के अनुसार, गूलर के पास एक मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए और मदद के लिए पुकारने लगे।

जानकारी के अनुसार, बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।

मुनिकीरेती के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है। बस में सवार सभी 34 लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई गई है। वहीं, हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!