उत्तराखंड

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले सीएम धामी का युवा संवाद, अग्निवीरों के लिए स्पेशल सेल का ऐलान

Listen to this article

देहरादून: राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों के लिए विशेष सेल बनाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और पेपर लीक मामलों पर सरकार की कार्रवाई का उल्लेख किया।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह उन्हें और अधिक काम करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश नई गति से आगे बढ़ा है और उत्तराखंड में भी विकास तथा सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने स्थिर सरकार और सुशासन पर भरोसा जताया है।

 

पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भी कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए हैं और अब प्रदेश में युवाओं को बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना को लेकर कहा कि राज्य सरकार जल्द ही अग्निवीरों के लिए एक स्पेशल सेल स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के भविष्य को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों गंभीर हैं तथा सेवा पूरी करने के बाद उन्हें विभिन्न विभागों में प्राथमिकता के आधार पर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि वह स्वयं सैन्य परिवार से आते हैं और सैनिकों तथा उनके परिवारों की चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी है और भविष्य में भी शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है और राज्य सरकार उन्हें प्रदेश के विकास का सबसे मजबूत आधार मानते हुए निरंतर उनके हित में कार्य करती रहेगी।

 

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री धामी इससे पहले भी अग्निवीरों के लिए विशेष प्राथमिकता देने की घोषणा कर चुके हैं। सरकार का कहना है कि सेवा अवधि पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य के विभिन्न विभागों में समायोजन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!