देहरादून में बारिश का कहर, बरसाती नाले में बहने से दो मासूम बहनों की हुई दर्दनाक मौत,मचा कोहराम

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित नई बस्ती में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की बरसाती नाले में बहने से मौत हो गई। मूसलाधार बारिश के बीच खेल रही दोनों बच्चियां तेज बहाव की चपेट में आ गईं और नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
छोटी बहन को बचाने गई बड़ी बहन भी बहाव में बही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बहनें मंदिर के सामने बारिश के दौरान खेल रही थीं। इसी बीच छोटी बहन सोनाक्षी खेलते-खेलते खुली नाली के पास पहुंच गई और तेज बहाव में बहने लगी। बहन को बचाने के प्रयास में बड़ी बहन लक्ष्मी भी नाली में उतर गई, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह भी संतुलन नहीं बना सकी। देखते ही देखते दोनों बहनें बहकर आगे चली गईं।
रैंप के नीचे पाइप में फंस गई थीं दोनों बच्चियां
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे पाइपनुमा संरचना में फंस गई थीं। पानी का बहाव कम होने के बाद लोगों ने तलाश शुरू की और दोनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
तेज ढलान और बारिश बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस नाली में हादसा हुआ, वहां तीखी ढलान होने के कारण बारिश के दौरान पानी अत्यधिक तेज गति से बहता है। नाली के किनारों पर फिसलन होने से बच्चियां खुद को संभाल नहीं सकीं और तेज बहाव की चपेट में आ गईं।
पूरे इलाके में शोक की लहर
इस हृदयविदारक हादसे के बाद नई बस्ती क्षेत्र में शोक का माहौल है। कुछ ही देर पहले बारिश में खेल रही दोनों मासूम बहनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने बरसात के दौरान खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



