उत्तराखंड

हरिद्वार में छात्रवृत्ति घोटाले की जांच तेज,19 शिक्षण संस्थानों पर एफआईआर;एसएसपी ने एसआईटी गठन के दिए निर्देश

Listen to this article

हरिद्वार: केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी के मामले में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) की जांच में संदिग्ध पाए गए जिले के 19 स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला वर्ष 2021-22 और 2022-23 की छात्रवृत्ति से जुड़ा है और करोड़ों रुपये के घोटाले की आशंका जताई जा रही है।

 

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत की शिकायत पर सिडकुल थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित करने के निर्देश दिए हैं।

 

शिकायत के अनुसार, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वर्ष 2021-22 और 2022-23 के दौरान अल्पसंख्यक छात्रों के नाम पर छात्रवृत्ति वितरण में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आए थे। इसके बाद भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने 21 मार्च 2025 को उत्तराखंड शासन को विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए थे। शासन के निर्देश पर हरिद्वार के तत्कालीन जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जांच समितियों का गठन किया, जिन्होंने जून 2025 में अपनी रिपोर्ट सौंपी।

 

उपजिलाधिकारी हरिद्वार, रुड़की, भगवानपुर और लक्सर की जांच रिपोर्ट में संबंधित संस्थानों द्वारा वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी और शासकीय धन के गबन के प्रथम दृष्टया संकेत मिलने के बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति की।

 

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामला करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति से जुड़ा हो सकता है। इसकी निष्पक्ष और गहन जांच के लिए सीओ सदर एस.पी. बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

इन 19 शिक्षण संस्थानों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा:

 

– गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल, सहदेवपुर

– एम.जी. पब्लिक स्कूल, अहमदपुर ग्रांट

– ए.एस.एन. इंटर कॉलेज, धीरवाली, ज्वालापुर

– सैनी प्राइवेट आईटीआई, बहादराबाद

– जय भारती प्राइवेट आईटीआई, धनपुरा

– एसबीएन प्राइवेट आईटीआई, टिक्कमपुर

– आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, मुस्तफाबाद

– विश्व भारती पब्लिक स्कूल, गाडोवाली

– मदरसा नूर-ए-हसन, हरिद्वार

– जय भारत पीएस, बिन्दुखड़क

– हन्नू आईटीआई, भगवानपुर

– रेडियंस एकेडमी, लक्सर

– रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रुड़की

– रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पुहाना

– महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई, धनौरी

– संस्कृति पब्लिक स्कूल, भौरी, रुड़की

– फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस, रुड़की

– एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज, रुड़की

– ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, बढ़ेड़ी राजपूताना, रुड़की

 

पुलिस का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। एसआईटी सभी दस्तावेजों, छात्रवृत्ति भुगतान और संबंधित अभिलेखों की जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!