स्मार्ट मीटर नहीं लगाया तो कटेगा बिजली कनेक्शन, ऊर्जा निगम ने जारी किए नोटिस

हल्द्वानी: उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। केंद्र सरकार के गजट नोटिफिकेशन के आधार पर निगम ने उन उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं जो स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध कर रहे हैं। नोटिस में 48 घंटे के भीतर मीटर बदलवाने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
48 घंटे की मोहलत, फिर कटेगा कनेक्शन
ऊर्जा निगम द्वारा जारी नोटिस के अनुसार जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मीटर नहीं बदलने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए जा सकते हैं।
पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने का अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, लेकिन कई जगहों पर उपभोक्ताओं के विरोध के कारण इसकी गति प्रभावित हो रही है। कई मामलों में विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति भी सामने आई है।
स्मार्ट मीटर का विरोध जारी
स्मार्ट मीटर को लेकर कई जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने सवाल उठाए हैं।
सुभाष नगर क्षेत्र के पार्षद मुकुल बल्यूटिया का कहना है कि निजी कंपनियों के मीटर लगाने के लिए लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
वहीं ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष गोपाल अधिकारी ने कहा कि बिजली से जुड़ी समस्याओं और लोगों की आशंकाओं का समाधान होने तक स्मार्ट मीटर का विरोध जारी रहेगा। इस संबंध में ग्राम प्रधानों ने सामूहिक प्रस्ताव भी पारित किया है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। उन्होंने विभागीय कार्रवाई का विरोध करने की बात कही।
पुलिस और प्रशासन से मांगी मदद
ऊर्जा निगम ने स्मार्ट मीटर बदलने के दौरान संभावित विवादों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा है। विभाग का कहना है कि कई क्षेत्रों में कर्मचारियों को विरोध और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुभाष नगर में विशेष अभियान
अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि सुभाष नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पुराने और खराब मीटर बदले जाएंगे, साथ ही बकायादारों और विरोध करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किए जाएंगे।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विभागीय टीम का सहयोग करें और स्मार्ट मीटर स्थापना में बाधा न डालें।



