उत्तराखंड

देहरादून में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, मुंबई पुलिस ने 11 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का मुंबई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुंबई के मानखुर्द पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देहरादून में छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

 

नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से ठगे 2.5 लाख रुपये

 

पुलिस के मुताबिक मुंबई निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी-फरवरी के दौरान कुछ लोगों ने निजी एयरलाइन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 2.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। नौकरी नहीं मिलने और आरोपियों द्वारा संपर्क बंद कर देने पर पीड़िता ने मानखुर्द पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

 

देहरादून में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर

 

शिकायत की जांच के बाद मुंबई पुलिस की टीम देहरादून पहुंची और एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर पूरे रैकेट का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 9 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं।

 

साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच जारी

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने देशभर में कितने लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा है और इसके तार किन-किन राज्यों तक जुड़े हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जहां भी इस तरह के फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने की जानकारी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

देशभर में बढ़ रहे फर्जी कॉल सेंटर

 

बीते कुछ वर्षों में देश के कई राज्यों में फर्जी कॉल सेंटरों के जरिए साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं। हाल ही में लखनऊ के विभूति खंड क्षेत्र में भी पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 119 लोगों को हिरासत में लिया था। वहां से 100 लैपटॉप, 178 मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन रिफंड और अन्य बहानों से लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!