बदरीनाथ धाम में स्पाई कैमरे से रिकॉर्डिंग, युवक पर पुलिस की कार्रवाई

बदरीनाथ/चमोली: बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उससे रिकॉर्ड किया गया पूरा वीडियो और फोटो मौके पर ही डिलीट कराया गया।
स्पाई कैमरे से कर रहा था रिकॉर्डिंग
पुलिस के अनुसार जांच में आरोपी की पहचान जयप्रकाश पांडे, निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। वह मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के जरिए अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहा था, जो मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस ने की चालानी कार्रवाई
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए चमोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही मंदिर की गोपनीयता और धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए उसके पास मौजूद सभी अवैध वीडियो और फोटो तत्काल प्रभाव से डिलीट कराए गए।
श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



