
देहरादून: जनसुनवाई को प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 169 फरियादियों ने अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, आपदा क्षतिपूर्ति, पारिवारिक विवाद और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों की भरमार रही। डीएम ने साफ कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
एसीपी भुगतान में लापरवाही पर वेतन रोका
अधोईवाला निवासी नितिन कुमार ने शिकायत की कि उनकी माता, जो दुग्ध संघ में कार्यरत हैं, उन्हें लंबे समय से एसीपी का भुगतान नहीं मिला है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने आंचल डेयरी के प्रबंधक के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए और पीड़ित कर्मचारी का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध कब्जों और भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मेहूँवाला में सरकारी नहर पर अवैध कब्जा, छिद्दरवाला और कृसाली में जनजातीय भूमि पर अवैध प्लाटिंग तथा एक बुजुर्ग की जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर डीएम ने संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट स्थित ऐतिहासिक खुर्जा वाली धर्मशाला की भूमि पर कथित अवैध निर्माण के मामले में भी जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के आदेश जारी किए।

बुजुर्गों और महिलाओं की समस्याओं पर दिखाई संवेदनशीलता
समाधान दिवस में पहुंचे कई बुजुर्गों और महिलाओं की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। पारिवारिक प्रताड़ना, भरण-पोषण, सुरक्षा और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं एक महिला की आर्थिक और पारिवारिक समस्या को देखते हुए पूरे परिवार की काउंसलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
शिक्षा और दिव्यांग सहायता के मामलों पर भी संज्ञान
बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र की फीस, दिव्यांग महिला की आर्थिक सहायता तथा छात्रा की आगे की पढ़ाई के लिए वित्तीय मदद से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनहित के अन्य मामलों पर भी दिए निर्देश
देवपुरम में सड़क निर्माण, बंजारावाला में अव्यवस्थित हॉट बाजार को हटाने, रेहड़ी-फड़ संचालकों के सत्यापन तथा सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला स्तरीय अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।



