उत्तराखंड

हरिद्वार में आंधी-तूफान का कहर: रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, होटल के शीशे टूटने से यात्री घायल

Listen to this article

हरिद्वार: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने हरिद्वार में भारी नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन एक यात्री होटल के शीशे गिरने से घायल हो गया।

 

सबसे बड़ी घटना हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग पर मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ गिरने से रेलवे की बिजली लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया। घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने के कारण देहरादून और हरिद्वार के बीच चलने वाली कई ट्रेनें देरी से संचालित हुईं।

 

सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक से पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त विद्युत तारों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया, ताकि रेल संचालन जल्द सामान्य किया जा सके।

 

वहीं हरकी पैड़ी के समीप बाजार क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते एक होटल के शीशे टूटकर नीचे गिर गए। इसी दौरान नीचे से गुजर रहा एक यात्री शीशों की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी है और यात्रियों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

 

आंधी-तूफान का असर शहर की आवासीय कॉलोनियों में भी देखने को मिला। राज विहार फेज-2 कॉलोनी में डिवाइन लाइट स्कूल के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे दो विद्युत पोल टूट गए। इसके चलते क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और मार्ग भी अवरुद्ध हो गया।

 

प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!