उत्तराखंड में कल से कांग्रेस की न्याय यात्रा, 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव

देहरादून: प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस की न्याय यात्रा आज 22 अक्टूबर से शुरू होगी। गढ़वाल मंडल में बदरीनाथ धाम और कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा 26 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि भाजपा सरकार की नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से पार्टी प्रदेश सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को जनता के सामने रखेगी।
जनता के मुद्दों को लेकर निकलेगी यात्रा
मंगलवार को कांग्रेस भवन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में यात्रा की रणनीति और कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई।
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था से परेशान है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई का अभियान है। इसके जरिए कांग्रेस सरकार की नीतियों और विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही लोगों की समस्याएं भी सुनेगी।
26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेगी यात्रा
कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 से 26 अक्टूबर तक गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में चलेगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा में शामिल होंगे। हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए यात्रा में शामिल नेता 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे। इसके अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।



