
देहरादून: विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि प्रदेश में इस समय चारधाम यात्रा जारी है, लेकिन कुछ लोग रील बनाकर इसे राजनीति की भेंट चढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार या बीकेटीसी का विरोध किया जा सकता है, लेकिन पवित्र चारधाम यात्रा का विरोध न किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा सामूहिक आस्था की कठिन यात्रा है और यह उत्तराखंड की आर्थिकी के लिए लाइफलाइन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नकारात्मक बातों से यात्रा को प्रभावित न करें, बल्कि इसे प्रोत्साहित करें।
केदारनाथ का पुराना वीडियो वायरल, प्रशासन सख्त
इस बीच Kedarnath यात्रा से जुड़ा तीन साल पुराना घोड़े-खच्चर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रशासन ने इसे भ्रामक बताते हुए सख्ती के संकेत दिए हैं।
डीएम विशाल मिश्रा के निर्देश पर सेक्टर अधिकारी ने वीडियो में दिखाए गए घोड़े की खोजबीन की, लेकिन विस्तृत तलाश के बावजूद पशु का कोई पता नहीं चला। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भ्रामक वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं: हेमंत द्विवेदी
Shri Badrinath Kedarnath Temple Committee के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मंगलवार को Rishikesh स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट केंद्र में नव स्थापित कार्यालय का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यालय कक्ष, पूछताछ काउंटर, आईटी सेल, मीडिया सेंटर और सभागार का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं सुचारु रखी जाएं।
उन्होंने आईटी और सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया तथा यात्रियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
हरिद्वार से दिन में भी बस सेवा शुरू
Haridwar जिले में पहली बार चारधाम यात्रा के लिए दोपहर में भी बसों का संचालन शुरू किया गया है। इससे पहले हरिद्वार डिपो से सुबह सात बजे के बाद बसें नहीं चलती थीं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों की संख्या बढ़ाई है। विशेष रूप से सोनप्रयाग मार्ग पर 15 बसें लगाई गई हैं। पहली बार सोनप्रयाग के लिए बस सेवा सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध कराई गई है।
बद्रीनाथ के लिए सुबह 5 और 7 बजे, जबकि गंगोत्री के लिए सुबह 6 बजे बसों का संचालन किया जा रहा है।
ऋषिकेश में 4 हजार यात्रियों ने कराया पंजीकरण
ऋषिकेश में ऑफलाइन पंजीकरण के लिए यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। मंगलवार को करीब 4 हजार श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।
चारधाम ट्रांजिट सेंटर में 24 काउंटरों पर तड़के से ही यात्रियों की कतार लग गई। यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल के अनुसार, पंजीकरण की संख्या लगातार बढ़ रही है।



