उत्तराखंड

श्मशान घाट पर जयमाला: मरचूला में डेस्टिनेशन वेडिंग का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

Listen to this article

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के मरचूला क्षेत्र में एक अनोखा और विवादित मामला सामने आया है। जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान से सटे इलाके में दो नदियों के संगम पर स्थित पुराने श्मशान घाट पर डेस्टिनेशन वेडिंग की रस्में निभाई गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है।

संगम स्थल पर हुई जयमाला

जानकारी के अनुसार, मरचूला क्षेत्र में रामगंगा नदी और बदनगढ़ नदी के संगम के पास स्थित श्मशान घाट पर पर्यटकों ने शादी की कुछ रस्में अदा कीं। घाट पर भव्य सजावट कर जयमाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। बताया गया कि पर्यटक कॉर्बेट से सटे इलाके में वेडिंग लोकेशन तलाश रहे थे और संगम स्थल उन्हें पसंद आ गया।

रिजॉर्ट प्रबंधक राकेश शर्मा के मुताबिक, पर्यटकों को पहले ही इस स्थान के श्मशान घाट होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर रविवार को वहां शादी की रस्में निभाईं।

वीडियो वायरल, स्थानीय लोगों में रोष

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों ने इसे धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है। लोगों का कहना है कि जहां अंतिम संस्कार होते हैं, वहां मांगलिक कार्य करना आस्था और परंपराओं के विरुद्ध है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नदी किनारे स्थित घाटों पर इस प्रकार के शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं। साथ ही जंगल और नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह के आयोजन पर भी सवाल उठाए गए हैं।

प्रशासन ने कही जांच की बात

तहसीलदार सल्ट आबिद अली ने कहा कि शवदाह स्थल सहित किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति समारोह आयोजित नहीं किया जा सकता। प्रशासन को अब तक औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन यदि श्मशान घाट पर शादी कराने का मामला सत्य पाया गया तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वेडिंग डेस्टिनेशन नीति पर सवाल

गौरतलब है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, मरचूला की यह घटना इस पहल के बीच नई बहस को जन्म दे रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!