
देहरादून। राजधानी के परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 12 मई को महिला कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान ज्योति रौतेला अचानक पानी की टंकी पर चढ़ गईं और आत्मदाह की धमकी देने लगीं। उनके साथ अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद थे और नीचे सड़क पर नारेबाजी कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान सड़क जाम होने से यातायात और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद नीचे उतरे प्रदर्शनकारी
13 मई को प्रशासन द्वारा मांगों पर प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के आश्वासन के बाद ज्योति रौतेला अपने चार अन्य साथियों के साथ टंकी से नीचे उतर आईं।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित नीचे उतारा गया था।
बिना अनुमति प्रदर्शन का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने से सरकारी कार्यों में बाधा और आम जनता को असुविधा हुई।
इन धाराओं में केस दर्ज
कोतवाली डालनवाला में मु0अ0सं0-74/2026 के तहत BNS की धाराएं 126(2), 221, 223, 226, 292, 329(3) तथा पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी का बयान
एसएसपी देहरादून ने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन कानून व्यवस्था को बाधित करना और आत्मदाह की धमकी देना गंभीर अपराध है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो व CCTV फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस अब प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। CCTV और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे और नाम भी मुकदमे में जोड़े जा सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



