चीन सीमा को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क भूस्खलन से बंद, बीआरओ ने शुरू किया राहत कार्य

पिथौरागढ़: सीमांत पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सोबला-ढाकर सड़क भूस्खलन के कारण बंद हो गई है। धारचूला क्षेत्र के पंगबावे में मंगलवार को अचानक पहाड़ी दरकने से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते पंगबावे क्षेत्र में पहले से ही दो स्थानों पर सड़क बाधित थी। ताजा भूस्खलन के बाद अब इस मार्ग पर तीन स्थानों पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें जमा हो गई हैं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय वाहन चालकों और ग्रामीणों से फिलहाल इस मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस बार विशालकाय चट्टान टूटने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो बुधवार तक मार्ग को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
सोबला-ढाकर सड़क चीन सीमा तक पहुंचने वाला महत्वपूर्ण सामरिक मार्ग है। इस सड़क का उपयोग स्थानीय लोगों के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों और सेना की आवाजाही के लिए भी किया जाता है। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सीमांत क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हो रहा है और कई वाहन मार्ग में फंस गए हैं।
जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश का असर सड़क संपर्क पर भी पड़ा है। कई ग्रामीण और संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि वर्तमान में जिले में 17 सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की टीमें सभी मार्गों को खोलने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं और जल्द ही यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।



