बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्ला बोल, चीनी और प्याज की माला पहनकर जताया विरोध

देहरादून: देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, रसोई के बढ़ते खर्च और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में महानगर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में चीनी की पुड़िया से बनी माला पहनकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। वहीं, कुछ महिलाओं ने प्याज की माला पहनकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घर का बजट बिगड़ रहा है और आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा ने कहा कि चीनी की कीमत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इसके बढ़ते दामों पर नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। इसी तरह सब्जियों, दालों और खाद्य तेल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी के लिए गृहस्थी चलाना मुश्किल होता जा रहा है और जरूरत की चीजें भी सस्ती दरों पर उपलब्ध नहीं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान जब किसी वस्तु की कीमत एक या दो रुपये बढ़ती थी तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध करते थे। आज खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में 30 से 40 रुपये तक की बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। इससे आम जनता का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है।
महिला कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार से बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।



