केदारनाथ यात्रा ने तोड़े रिकॉर्ड, एक महीने में 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

केदारनाथ : केदारनाथ यात्रा को एक माह पूरा होने के साथ ही इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। अब तक 8 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के दौरान एक लाख से ज्यादा वाहन भी केदारघाटी पहुंचे हैं। आंकड़ों के अनुसार अब तक धाम पहुंचने वाले यात्रियों में 65 फीसदी युवा जबकि 35 फीसदी बुजुर्ग और अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।
भगवान केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। इसके बाद से लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। अप्रैल से लेकर मई तक केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
चारधामों में सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे
चारधाम यात्रा में इस बार सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं। 23 मई तक कुल 8,11,923 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन का अनुमान है कि जून में स्कूलों की छुट्टियां शुरू होते ही यात्रा और तेज हो जाएगी।
भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम दर्शन कराने के लिए प्रशासन, पुलिस और बदरी-केदार मंदिर समिति विशेष तैयारियों में जुटी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं और आने वाले दिनों में संख्या और बढ़ सकती है, इसलिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
यात्रा के दौरान 39 श्रद्धालुओं की मौत
केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी और ठंड के कारण कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ी है। अब तक विभिन्न कारणों से 39 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।
बीकेटीसी को 14.50 करोड़ रुपये की आय
एक महीने के भीतर बदरी-केदार मंदिर समिति को करीब 14 करोड़ 50 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए मंदिर समिति के कर्मचारी लगातार ड्यूटी कर रहे हैं। मंदिर दिनभर में केवल 3 से 4 घंटे ही बंद रहता है, बाकी समय दर्शन के लिए खुला रखा जा रहा है।
हेलीकॉप्टर सेवा से 30 हजार से ज्यादा यात्रियों ने की यात्रा
केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवाओं का भी बड़ी संख्या में उपयोग किया जा रहा है। आठ हेलीकॉप्टर कंपनियों के जरिए अब तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। एक महीने में कुल 5362 उड़ानें संचालित की गईं। इनमें 30,925 यात्री हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे जबकि 30,822 श्रद्धालु वापस लौटे।
घोड़े-खच्चरों से भी रिकॉर्ड आय
मुख्य विकास अधिकारी आरएस रावत के अनुसार इस वर्ष यात्रा के लिए 7744 घोड़े-खच्चर पंजीकृत किए गए हैं। इनके संचालन से अब तक 2 करोड़ 44 लाख 91 हजार रुपये की आय हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा अभी लंबी चलनी है, इसलिए आने वाले समय में आय और श्रद्धालुओं की संख्या दोनों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी होने की संभावना है।



