
देहरादून
आमजन की सुरक्षा को लेकर दून पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
एसएसपी अजय सिंह के सख़्त निर्देशों पर पूरे जनपद में चला व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान
आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून
अजय सिंह के निर्देशों पर जनपद भर में दून पुलिस द्वारा लगातार आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर और देहात क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय रहीं।
दिनांक 22 दिसंबर 2025 को सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा सीमावर्ती चेक पोस्टों, आंतरिक मार्गों, बस अड्डों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आने-जाने वाले निजी एवं सार्वजनिक वाहनों तथा यात्रियों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त की गईं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा लगभग 2175 वाहनों की सघन जांच की गई, वहीं 6205 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
एसएसपी अजय सिंह की स्पष्ट और प्रभावी रणनीति के चलते यह चेकिंग अभियान न केवल अपराधियों में भय पैदा कर रहा है, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का भाव भी मजबूत कर रहा है। उनकी सतत निगरानी और सख़्त निर्देशों के परिणामस्वरूप दून पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय दिखाई दे रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी क्रम में यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



