हल्द्वानी में शादी समारोह के दौरान दलित युवको की पानी पीने को लेकर पिटाई, चार हिरासत में

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के देवला मल्ला गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे चला रहे दलित युवक की कथित तौर पर पानी पीने को लेकर पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगाया है।
बीडीसी सदस्य पति उमेश चंद टम्टा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मई को गांव में एक शादी थी, जहां उनका भाई शुभम टम्टा डीजे चला रहा था। उमेश और उनका साला भी कार्यक्रम में सहयोग कर रहे थे।
आरोप है कि रात में प्यास लगने पर शुभम ने पास में रखे बर्तन से पानी पी लिया। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर आठ-दस लोगों ने शुभम के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं।
घटना की जानकारी मिलने पर उमेश मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उनके सिर पर चाकू से वार किया गया। शुभम को गंभीर हालत में एसटीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
एसओ विमल मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



