
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. इस बार तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के अधिकारियों पर तीखा प्रहार किया है. तीरथ सिंह रावत ने कहा उत्तराखंड में अब भी जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है. इसके साथ ही तीरथ सिंह रावत ने कहा अधिकारियों की भूमिका पर भी सख्त टिप्पणी की है।
मसूरी में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश की नौकरशाही पर सीधा और करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा उत्तराखंड बनने के बाद भी भ्रष्टाचार का ट्रक उसी रफ्तार से चलता रहा, फर्क बस इतना है कि अब ड्राइवर और यात्री दोनों यहीं के हो गए हैं. उत्तराखंड उत्तर प्रदेश का हिस्सा था, तब कहा जाता था कि अफसर यहां से ट्रक भरकर ले जाते हैं, लेकिन अब तो ट्रक भरने वाले भी यहीं के हैं और काजू-बादाम-किशमिश खाने वाले भी यहीं के लोग हैं।
तीरथ सिंह रावत की इस टिप्पणी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को चौंका दिया, लेकिन तालियों से भी उनकी बातों का समर्थन मिला. पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आंदोलन काल की याद दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान वा जज़्बा, जब लोग कहते थे कि कोदा-झंगोरा खाएंगे, उत्तराखंड बनाएंगे, आज कोई इस पर बात तक नहीं करता. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिन सपनों के लिए राज्य बना था, वो उत्तराखंड अब भी नहीं बन पाया है।



