रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से मची अफरा-तफरी, ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रुकी

हरिद्वार: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आई है। भीमगोड़ा कुंड के पास रेलवे ट्रैक पर एक विशालकाय पेड़ गिरने से हरिद्वार-देहरादून-ऋषिकेश रेलमार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हो गया। पेड़ की चपेट में हाईटेंशन बिजली लाइन भी आ गई, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी।
शनिवार दोपहर तेज बारिश के दौरान पेड़ अचानक रेलवे ट्रैक पर गिर गया। घटना के समय एक ट्रेन भी प्रभावित रेलखंड के पास पहुंच गई थी, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरने के कारण रेलमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे इस रूट पर संचालित करीब आधा दर्जन ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, जबकि कई ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी से चलने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हाईटेंशन बिजली लाइन को सुरक्षित करने के बाद ट्रैक से पेड़ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ट्रैक का पूरी तरह निरीक्षण करने के बाद ही रेल संचालन बहाल किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।



