शादी की खुशी में पिस्टल से फायरिंग, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही दूल्हे पर केस

हरिद्वार। अपने ही शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से खुलेआम फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना दूल्हे को भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के बाद आरोपी दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हा पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो की जांच की गई तो फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति कई राउंड फायर किए। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की गई। वीडियो में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई। जांच में शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार शादी समारोह या सार्वजनिक आयोजनों में लाइसेंसी हथियार से इस तरह फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है।
गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान गोली आसमान की ओर चलाई गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंसी हथियार का इस तरह प्रदर्शन और फायरिंग स्वीकार्य नहीं है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई से ऐसे लोगों को भी संदेश गया है जो शादी समारोह में हथियारों से फायरिंग कर रुतबा दिखाने की कोशिश करते हैं।


