उत्तराखंड

उत्तराखंड में गर्मी का कहर: 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार, जिलों को एडवाइजरी जारी

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में मई की शुरुआत भले ही बारिश और ठंडी हवाओं के साथ हुई हो, लेकिन अब प्रदेश में भीषण गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों में कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

दोपहर में बाहर निकलने से बचने की अपील

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने आमजन से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों, बेड और मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने, निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए अतिरिक्त सतर्कता अपनाने को कहा गया है।

39 डिग्री के पार पहुंचा पारा

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ में कमी देखी गई।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 20 से 24 मई के बीच पर्वतीय जिलों में आंशिक बदलाव के आसार हैं।

अधिवक्ताओं को बड़ी राहत: बिना कोट के कर सकेंगे पैरवी

भीषण गर्मी के बीच अधिवक्ताओं को राहत मिली है। जिला न्यायालय परिसर में अब अधिवक्ता बिना काला कोट पहने भी न्यायालय में उपस्थित होकर पैरवी कर सकेंगे। यह व्यवस्था 19 मई से लागू कर दी गई है।

बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण अधिवक्ताओं को काला कोट पहनकर काम करने में कठिनाई हो रही थी। इस संबंध में जिला जज से मुलाकात कर छूट की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्याप्त पानी पिएं, धूप में निकलते समय सिर को ढकें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है, वहीं आमजन से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!