काशीपुर में 19 वर्षीय युवती के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में 19 वर्षीय युवती के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने डंपर से लिफ्ट ली थी। इसके बाद उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर लोहे के हुक से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को काशीपुर के धनौरी पट्टी क्षेत्र में रामनगर रोड के किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिला था। मामला सामने आने के बाद एसएसपी अजय गणपति ने जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल से लेकर युवती के घर तक जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले एक डंपर को संदिग्ध पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतका और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे युवती ने चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे कुछ देर बाद कैंसिल कर दिया गया। इसके बाद उसका मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डंपर चालक को सड़क पर पड़ा मिला। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया।
वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी, काशीपुर मौजूद था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, राजू अपने साथी सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चैती मैदान के पास युवती ने डंपर रुकवाकर लिफ्ट मांगी। कुछ दूर जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और खुद युवती के पास बैठ गया।
आरोप है कि एकांत स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध के दौरान युवती ने कथित तौर पर राजू को दांत काट लिया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही। इसके बाद राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और डंपर लेकर क्रेशर की ओर चले गए। मृतका का मोबाइल डंपर में ही छूट गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल को सड़क पर रख दिया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उन तक पहुंच गई।
23 अगस्त को पुलिस ने राजू और सुमित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर से लोहे का हुक, मृतका का बैग और अन्य सामान बरामद किया गया। बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजू की उम्र 39 वर्ष और सुमित की उम्र 19 वर्ष है। मामले की जांच जारी है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।



