उत्तराखंड

छात्रा से मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षिका पर कार्रवाई, अनुबंध तत्काल प्रभाव से किया समाप्त

Listen to this article

अल्मोड़ा: राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में छात्रा से मारपीट के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में अतिथि शिक्षिका की भूमिका सामने आने पर उनका अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया।

सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने खुद राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ संबंधित छात्रा के माता-पिता से भी बातचीत की। इसके अलावा डीएम ने विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी संवाद कर घटना की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया।

मामला 22 अगस्त को सामने आया था, जब विद्यालय में एक छात्रा के साथ अतिथि शिक्षिका द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जांच के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई की गई।

डीएम अंशुल सिंह ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ किसी भी तरह की मारपीट या दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के साथ सकारात्मक व्यवहार करने और अनुशासन के लिए काउंसलिंग, संवाद व सकारात्मक तरीकों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी छात्र-छात्रा से जुड़ी समस्या होने पर अभिभावकों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों से मुलाकात कर पढ़ाई की स्थिति, अनुशासन, शिक्षकों की उपलब्धता और संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को मिल रही शैक्षणिक सुविधाओं का भी जायजा लिया।

इस दौरान बच्चों ने डीएम के सामने विद्यालय में फुटबॉल खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने उनकी मांग पर विद्यालय में खेल सुविधाओं को विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक मैदान उपलब्ध कराने को लेकर भी कार्रवाई करने को कहा।

विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए डीएम ने शौचालयों की व्यवस्था सुधारने और परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क से विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में पर्याप्त और नियमित पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पानी के उचित भंडारण के लिए टैंक लगाने और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा।

डीएम ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का स्थान भी है। इसलिए शिक्षा के साथ सुरक्षित वातावरण, खेल सुविधाएं, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!