उत्तराखंड

मां के घर से 20 लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर राजस्थान भागा बेटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Listen to this article

कोटद्वार। बालासौड़ में एक बेटे ने अपनी ही मां के घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और वारदात के बाद राजस्थान फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

बालासौड़ निवासी अनीता देवी ने पांच अक्तूबर को कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान चोरी की घटना में शिकायतकर्ता के बेटे दीपांशु राजपूत की भूमिका सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस को उसके राजस्थान में होने की जानकारी मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपांशु राजपूत को झालूपुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि व्यक्तिगत जरूरतों और शौक पूरे करने के लिए उसने अपनी मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह जेवर लेकर राजस्थान भाग गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!