उत्तरकाशी में 67 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू, खराब मौसम और बर्फबारी के बीच चला अभियान

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कालिंदी खाल समेत विभिन्न ट्रैक रूटों पर फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है। उत्तराखंड एसडीआरएफ, भारतीय सेना, यूकाडा (UCADA), पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन समेत विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि एसडीआरएफ की टीमें अन्य बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान में जुटी रहीं। बचाव दलों ने कठिन परिस्थितियों में पैदल रेस्क्यू के साथ ही हेली रेस्क्यू के माध्यम से ट्रेकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अलग-अलग ट्रैक रूटों से कुल 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाला गया। इनमें ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, माउंट जॉगिंग से आठ और वासुकी ताल से 11 ट्रेकर्स शामिल हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दलों को दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, खराब मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं और मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण उड़ान संचालन में चुनौतियां सामने आईं।
इन विषम परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ समेत सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क के जरिए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के बाद हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।
बताया गया कि खराब मौसम के कारण कालिंदी खाल समेत कई अन्य ट्रैक रूटों पर पर्यटक और ट्रेकर्स फंस गए थे। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।


